शीलमेव जयते!!
ऐसा कोई भी व्यवहार जिसमें सत्यम्!! शिवम्!! सुन्दरम्!! इन तीनों गुणों का समावेश है, शील कहलाता है। कहा जाता है कि हमेशा ही जीत सत्य की होती है... यानी सत्यमेव जयते!! लेकिन सत्य को जीतने के लिए कभी-कभी मृत्यु तक का इंतज़ार करना पड़ता है। जैसे जीसस व सुकरात सत्य के पथ पर अग्रसर हैं; जीतते हैं, लेकिन मृत्यु के बाद; लेकिन भगवान श्री राम शील के पथ पर अडिग हैं और जीतते जी ही जीत जाते हैं। सत्य यानी प्रामाणिकता। जिस व्यवहार में अंदर और बाहर का भेद मिट गया है; यानी जो अंदर है ठीक वही बाहर है; इस भाषा, इस व्यवहार को हम शील कहते हैं। दूसरा है शिवम्। शिवम् यानी कल्याणकारी; शिवम् यानी मंगलमय। जब हमारा व्यवहार, हमारी भाषा किसी दूसरे के लिए कल्याणकारी और मंगलमय हैं; तब हमारा यह व्यवहार शील है। तीसरा है: सुन्दरम्। जो हम बोल रहे हैं; जो हम कह रहे हैं क्या सत्य और शिव के साथ उसमें मिठास भी है; तब हमारा यह व्यवहार शील है। इसलिए संतों ने शील को सत्य के भी ऊपर रखा है; क्योंकि शील में सत्य समाया ही हुआ है। इसलिए संत कहते हैं... शीलमेव जयते!!
आनंदो1 मिनट में पढ़ें




